प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। देश के 47 शहरों में आयोजित इस मेगा कार्यक्रम में PM मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए और युवाओं को संबोधित किया।सरकार के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और अन्य केंद्रीय विभागों में नियुक्तियां दी गई हैं। रोजगार मेले को केंद्र सरकार की मिशन मोड भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है। अब तक 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
PM मोदी बोले- दुनिया भारत के युवाओं की ताकत देख रही
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया आज भारत की युवा शक्ति और तकनीकी क्षमता को लेकर उत्साहित है। उन्होंने हाल ही में हुई अपनी विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कई देशों में भारत के युवाओं और नई तकनीकों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।PM मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के तहत देश अलग-अलग सेक्टर में बड़े निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
सेमीकंडक्टर और AI सेक्टर में बढ़ेंगे मौके
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट वैश्विक स्तर पर पहचान बनाएंगी और इसमें बड़ी संख्या में भारतीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।उन्होंने कहा कि ग्रीन टेक्नोलॉजी, शिप बिल्डिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भी निवेश लगातार बढ़ रहा है। इससे देश के भीतर ही युवाओं को नए रोजगार और करियर के अवसर मिल रहे हैं।
‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर सरकार का फोकस
PM मोदी ने नए नियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी कर्मचारी होने के नाते उन्हें ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है और गांवों तक कनेक्टिविटी पहुंचने से किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ मिला है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गांवों में पक्के मकान, सड़क, स्वच्छता और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है।
अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था रोजगार मेला
केंद्र सरकार ने रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में की थी। इसका उद्देश्य सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाना था। फरवरी 2024 में आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे ज्यादा 1 लाख नियुक्ति पत्र बांटे गए थे।सरकार का दावा है कि रोजगार मेलों के जरिए लाखों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं और आने वाले समय में भी यह अभियान जारी रहेगा।