2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मैच के टिकटों के लिए 84 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं, जबकि जिस स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाना है, वहां सिर्फ 34 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। टिकटों की मांग और उपलब्ध सीटों के बीच इतना बड़ा अंतर इस मुकाबले की लोकप्रियता को दिखाता है।

जोहान्सबर्ग में भिड़ेंगी दोनों टीमें
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग स्थित वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी मैदान पर 21 नवंबर को वर्ल्ड कप का फाइनल भी प्रस्तावित है। फाइनल मुकाबले को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसके टिकटों के लिए करीब 79 लाख आवेदन मिले हैं।

पूरे टूर्नामेंट के लिए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन
टिकटों की मांग सिर्फ भारत-पाकिस्तान मैच तक सीमित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पूरे टूर्नामेंट के लिए 12 करोड़ से ज्यादा टिकट आवेदन मिले हैं। करीब 193 देशों के 28 लाख दर्शकों ने टिकट खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। इस बार वर्ल्ड कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 मैदानों पर टूर्नामेंट आयोजित होगा।

21 नवंबर तक जारी रहेगी टिकटों की प्रक्रिया
टिकटों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। जिन मुकाबलों के लिए उपलब्ध सीटों से ज्यादा आवेदन मिलेंगे, उनके टिकट लकी ड्रॉ के जरिए आवंटित किए जाएंगे। टूर्नामेंट शुरू होने में अभी करीब एक साल बाकी है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बना यह माहौल दिखाता है कि क्रिकेट के इस सबसे चर्चित मुकाबले का इंतजार दुनियाभर के दर्शकों को है।