साउथ एशिया फुटबॉल फेडरेशन (SAFF) चैंपियनशिप शुरू होने से पहले भारतीय फुटबॉल टीम को ढाका में अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। मंगलवार को ढाका पहुंची भारतीय टीम के खिलाड़ियों के लिए होटल में कमरे बुक नहीं थे। ऐसे में खिलाड़ियों को करीब 3 घंटे तक ठहरने के इंतजाम का इंतजार करना पड़ा। बाद में टीम के लिए दूसरे होटल में व्यवस्था की गई। जानकारी के मुताबिक, भारतीय फुटबॉल दल दोपहर करीब 2:15 बजे ढाका पहुंचा था। टीम को गुलशन एवेन्यू स्थित एक निजी होटल में ठहरना था। लेकिन जब खिलाड़ी वहां पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम पर कमरे बुक या अलॉट ही नहीं किए गए थे। शाम करीब 5 बजे तक खिलाड़ियों को कमरे नहीं मिल सके थे। इस घटना के बाद टूर्नामेंट की मेजबानी और खिलाड़ियों के लिए किए गए इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
9 बार खिताब जीत चुका है भारत
भारतीय फुटबॉल टीम SAFF चैंपियनशिप की मौजूदा चैंपियन है। टीम ने साल 2023 में बेंगलुरु में खेले गए फाइनल में कुवैत को पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब अपने नाम किया था। भारत अब तक 9 बार इस टूर्नामेंट का चैंपियन बन चुका है और इस बार 10वें खिताब के इरादे से मैदान में उतरेगा। SAFF चैंपियनशिप का 15वां संस्करण 5 से 17 नवंबर तक बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित किया जा रहा है। इसमें दक्षिण एशिया की राष्ट्रीय फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं।
भारत ने मुख्य सीनियर टीम की जगह 28 खिलाड़ियों का दल भेजा
इस टूर्नामेंट के लिए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने 28 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है। हालांकि, भारत ने अपनी मुख्य सीनियर टीम के बजाय युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। टीम की जिम्मेदारी अंडर-23 के मुख्य कोच नौशाद मूसा को सौंपी गई है, जबकि बिबियानो फर्नांडिस सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। इसके पीछे भारतीय सीनियर टीम का न्यूजीलैंड दौरा भी एक वजह है। भारत को 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबले खेलने हैं। ये मैच ऑकलैंड और क्राइस्टचर्च में आयोजित होंगे। इसके अलावा घरेलू क्लबों से खिलाड़ियों को रिलीज कराने में भी परेशानी आई। SAFF चैंपियनशिप का पहला मुकाबला FIFA इंटरनेशनल मैच विंडो शुरू होने से पहले है। ऐसे में इंडियन सुपर लीग (ISL) के कुछ क्लब अपने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए छोड़ने को तैयार नहीं थे।
18 खिलाड़ी ढाका पहुंचे, बाकी 10 बाद में जुड़ेंगे
AIFF के मुताबिक, भारतीय दल के 18 खिलाड़ी 3 नवंबर को कोलकाता से ढाका पहुंचे थे। बाकी 10 खिलाड़ियों को अगले कुछ दिनों में टीम के साथ जुड़ना है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप-B में करेगी।
पाकिस्तान से पहला मुकाबला, मालदीव भी ग्रुप में
SAFF चैंपियनशिप में भारत को ग्रुप-B में पाकिस्तान और मालदीव के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप-A में मेजबान बांग्लादेश के साथ श्रीलंका और भूटान की टीमें हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इसके बाद 17 नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। सभी मुकाबले ढाका के नेशनल स्टेडियम में आयोजित होंगे।