बिहार में नदियों से निकलने वाली गाद का इस्तेमाल अब सड़क निर्माण में किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत राज्य की नदियों से करीब 4 लाख मीट्रिक टन गाद निकालने और उसका उपयोग सड़क बनाने में करने की योजना है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद सम्राट चौधरी ने दिल्ली में हुई बैठकों और बिहार के विकास से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ की समस्या सामने आती है। नदियों में लगातार गाद जमा होने से भी कई तरह की परेशानियां होती हैं। ऐसे में गाद निकालने की पहल से नदियों की सफाई के साथ सड़क निर्माण के लिए भी सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
त्योहारों पर बिहार के लिए चलाई जाएंगी अतिरिक्त ट्रेनें
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने रेल मंत्री से भी मुलाकात की थी। इस दौरान आगामी त्योहारों को देखते हुए बिहार के लिए अधिक से अधिक ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के समय दूसरे राज्यों में रहने वाले बड़ी संख्या में बिहार के लोग अपने घर लौटते हैं। इससे ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और बेहतर व्यवस्था करने की मांग की गई है।
पांच जगहों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव
सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पांच स्थानों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। गया जी में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) के तहत कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। वहीं, मुजफ्फरपुर में भी इस दिशा में काम चल रहा है और दरभंगा के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अब तक 13 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का काम किया गया है। इसके अलावा एक हजार से अधिक उद्योगों को जमीन देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। सरकार को उम्मीद है कि इससे बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और निवेश के नए अवसर बनेंगे।
बिहार में शुरू हुआ डाटा सेंटर का निर्माण
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में डाटा सेंटर परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उनके अनुसार, वर्ष 2024 में सरकार में आने के बाद इस परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब निर्माण का काम आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं को पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी की जरूरत है। इस संबंध में जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया है।
इको टूरिज्म और पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली दौरे के दौरान बिहार में इको टूरिज्म और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। सरकार चाहती है कि पर्यटन स्थलों के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी भी बढ़े। इसके लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की योजना है। इससे पर्यटन स्थलों की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।