केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। भोपाल के 9,399 समेत मध्य प्रदेश के 80,454 छात्रों के साथ देशभर के लाखों स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हो गया। इस बार भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कमजोर रहा। बता दें कि भोपाल रीजन में 79.43 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जबकि देशभर का औसत पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया, यानी भोपाल रीजन राष्ट्रीय औसत से 5.77 प्रतिशत पीछे रहा। भोपाल का प्रदर्शन रायपुर, लखनऊ और रांची जैसे कई रीजन से भी कमजोर रहा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सभी छात्रों को बधाई दी है। सीएम ने पोस्ट कर लिखा की ' केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। यह उपलब्धि आपके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। जिनके परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए हैं, वे नए संकल्प के साथ आगे बढ़ें। निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलेगी।
पिछले वर्ष की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम
देशभर में इस साल 12वीं का कुल पास प्रतिशत 85.20 रहा, जो पिछले वर्ष के 88.39 प्रतिशत की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। क्षेत्रवार प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) सबसे बेहतर रहा, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। वहीं प्रयागराज सबसे कमजोर रीजन रहा और यहां 72.43 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज किया गया। दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट ने भी 91 प्रतिशत से अधिक परिणाम हासिल किए।
लड़कों का 76.87%, लड़कियों का 82.19%
भोपाल रीजन के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष लड़कों का पास प्रतिशत 76.87% दर्ज किया गया, जबकि लड़कियों का परिणाम 82.19% रहा, यानी लड़कियां करीब 5 प्रतिशत अंकों से आगे रहीं।