मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 साल का एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक को इलाज के लिए नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। काले रंग की BMW तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि BMW बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन लोगों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कार में सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला। नायर अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर के मुताबिक, मृतकों में 21 साल के शनाय गज्जल और 17 साल के धिर्या सेठ की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। करीब 20 साल के घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लगा बोर्ड भी पूरी तरह टूट गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त BMW से जांच के लिए सैंपल जुटाए। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा मार्ग है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर सुरक्षा और यातायात नियंत्रण अहम मुद्दा बना रहता है।