ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दिया है। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लेबर पार्टी को नहीं लगता कि मैं अगले चुनाव में नेतृत्व करने के लिए सही इंसान हूं।
अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा
स्टार्मर का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब लेबर पार्टी के अंदर उनके नेतृत्व को लेकर लंबे वक्त से असंतोष बढ़ रहा था। लेबर पार्टी के 400 सांसदों में से 100 से अधिक सांसदों ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। सांसदों का कहना था कि या तो स्टार्मर तुरंत प्रधानमंत्री का पद छोड़ें, या फिर यह तारीख बताए कि वे किस दिन इस्तीफा देंगे। इनके अलावा स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग, रक्षा मंत्री जॉन हीली और 1 अन्य मंत्री जेस फिलिप्स ने स्टार्मर के इस्तीफे की मांग को लेकर पद छोड़ दिया था। 7 सालों में 5वें प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दिया।
जुलाई में मिलेगा नया PM
स्टार्मर ने कहा कि लेबर पार्टी जुलाई के बीच तक अपना नया नेता चुन लेगी। नए नेता और PM के चुने जाने तक वह अपने पद पर बने रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने उत्तराधिकारी की पूरी मदद करेंगे। स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III को अपने फैसले की जानकारी दे दी। अब पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (NEC) नए नेता के चुनाव का कार्यक्रम तय करेगी। इसके तहत 9 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 17 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले नए नेता का चुनाव पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
एंडी बर्नहम ने की दावेदारी पेश
बता दे ब्रिटेन में जनता सीधे प्रधानमंत्री नहीं चुनती। लोग अपने-अपने क्षेत्र से सांसद चुनते हैं। जिस पार्टी के पास संसद में बहुमत होता है, उसी पार्टी का नेता PM बनता है। अभी लेबर पार्टी की सरकार है। इसलिए जो व्यक्ति पार्टी का नया नेता बनेगा, वही PM बनने का सबसे बड़ा दावेदार होगा। इसके लिए पूरे देश में आम चुनाव कराने की जरूरत नहीं होती। स्टार्मर के खिलाफ रहे एंडी बर्नहम ने लेबर पार्टी के नेता और PM पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है।