मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को रद्द करने की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ शुरू किया। करीब 19 विपक्षी दलों के नेता संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे हैं।
राहुल गांधी-अखिलेश समेत कई नेता शामिल
मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले और अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
पुलिस ने रोका तो सड़क पर बैठे
आकाशवाणी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए और धरना देने लगे।
19 दलों के नेता मार्च में शामिल
इस मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP-SP, शिवसेना यूबीटी, RJD, वामपंथी दलों, नेशनल कॉन्फ्रेंस, PDP, JMM, IUML, केरल कांग्रेस, MDMK और VCK समेत कई दल शामिल हैं।
AAP और DMK ने बनाई दूरी
वहीं आम आदमी पार्टी और DMK इस मार्च में शामिल नहीं हुईं। AAP ने कहा कि वह SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई अलग से लड़ रही है।
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी
मार्च को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया है।