दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में AC में धमाके को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
तड़के 3:13 बजे हुआ धमाका, फिर फैली आग
स्थानीय निवासी रोहित के अनुसार सुबह करीब 3:13 बजे AC में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे फ्लैट में फैल गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड करीब 3:35 बजे मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल चुकी थी।

9 लोगों की मौत
इस भीषण हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं दो लोग मामूली रूप से घायल हैं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन निगरानी में रखा गया है।

बालकनी और खिड़कियों से रेस्क्यू
दमकल और पुलिस टीमों ने मिलकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 10 से 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया।स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की, जिससे कई जानें बचाई जा सकीं।
आग पर काबू सर्च ऑपरेशन जारी
शाहदरा डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी 1-2 परिवार इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिसकी पुष्टि की जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।