देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश और राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत 30 जिलों में बुधवार को आए तेज तूफान और आंधी में 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जगह पेड़, बिजली के खंभे और टीनशेड उड़ गए। बरेली में 80 KMPH की रफ्तार से चली हवा में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया।
यूपी में आज भी तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।गोंडा और उन्नाव जैसे जिलों में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बांदा में बुधवार को तापमान 45.4°C रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान में जैसलमेर बना देश का सबसे गर्म शहर
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1°C दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।डीग में गर्मी के कारण 12वीं की चार छात्राएं बेहोश हो गईं। अलवर में तेज हवा के चलते बिजली का खंभा गिर गया।
मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले हीटवेव की चपेट में
मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड गर्मी का दौर जारी है। खजुराहो में बुधवार को तापमान 45.4°C पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के 25 से ज्यादा जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में वार्म नाइट यानी रात में भी अत्यधिक गर्मी रहने की चेतावनी दी गई है।भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में दिन और रात दोनों समय गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का असर
Bihar के पूर्णिया, कटिहार समेत 7 जिलों में तेज बारिश और 50 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मई महीने में सामान्य से 28% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।