FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में क्रोएशिया को 4-2 से हराकर शानदार शुरुआत की। कप्तान हैरी केन ने दो गोल दागे, जबकि मार्कस रैशफोर्ड और जूड बेलिंगहैम ने एक-एक गोल किए। क्रोएशिया की ओर से मार्टिन बटुरिना और पीटर मुसा ने गोल किए।
पहले हाफ में दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो और गोल कर मैच अपने नाम कर लिया।
केन का ड्रामा और पेनल्टी पर गोल
हैरी केन ने मैच का पहला गोल पेनल्टी से किया। शुरुआती शॉट उन्होंने मिस कर दिया था, लेकिन वीडियो रिव्यू में सामने आया कि क्रोएशियाई गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच शॉट से पहले लाइन क्रॉस कर चुके थे। केन को दोबारा मौका मिला और इस बार उन्होंने गोल कर स्कोर 1-0 किया।
पेनल्टी लुका मोड्रिच द्वारा नोनी मादुएके को फाउल करने पर मिली थी।
केन ने लिनेकर का रिकॉर्ड तोड़ा
32 वर्षीय हैरी केन ने डेकलान राइस की कॉर्नर किक पर हेडर से अपना दूसरा गोल किया। इस गोल के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 81 हो गई और वर्ल्ड कप में कुल 10 गोल पूरे कर उन्होंने गैरी लिनेकर का रिकॉर्ड बराबर कर लिया। अब दोनों इंग्लैंड के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड का दबदबा
दूसरे हाफ में जूड बेलिंगहैम ने इलियट एंडरसन के लंबे पास पर शानदार गोल कर इंग्लैंड को बढ़त दिलाई। मैच के 85वें मिनट में मार्कस रैशफोर्ड ने बुकायो साका के पास पर गोल कर इंग्लैंड की जीत पक्की कर दी।
इंग्लैंड का अगला मुकाबला घाना से
इंग्लैंड अब अपना अगला मैच घाना के खिलाफ खेलेगा, जबकि क्रोएशिया का सामना पनामा से होगा।
घाना ने पनामा को 1-0 से हराया
ग्रुप स्टेज के दूसरे मैच में घाना ने पनामा को 1-0 से मात दी। मैच के स्टॉपेज टाइम में 95वें मिनट में केलेब यिरेनकयी ने ब्रेंडन थॉमस असांटे के पास पर निर्णायक गोल कर घाना को जीत दिलाई। 20 साल के यिरेनकयी का यह गोल घाना के लिए बेहद अहम साबित हुआ। पनामा ने अंतिम क्षणों में बराबरी के लिए पूरा दम लगाया, लेकिन घाना की मजबूत डिफेंस नहीं टूट सकी। इस जीत के साथ घाना 2010 के बाद नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें बनाए हुए है।