PSG Reach Champions League Final: पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) ने UEFA चैंपियंस लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बुधवार रात जर्मनी के एलायंस एरिना में खेले गए सेमीफाइनल के दूसरे चरण में PSG ने बायर्न म्यूनिख के साथ 1-1 का ड्रॉ खेला। एग्रीगेट स्कोर 6-5 के आधार पर डिफेंडिंग चैंपियन PSG फाइनल में पहुंच गई।
30 मई को बुडापेस्ट में आर्सेनल से फाइनल मुकाबला
अब 30 मई को बुडापेस्ट में होने वाले फाइनल में PSG का सामना प्रीमियर लीग की मजबूत टीम आर्सेनल से होगा।
शुरुआती मिनटों में PSG की बढ़त
पहले चरण में पेरिस में 5-4 की बढ़त बनाने वाली PSG ने दूसरे चरण की शुरुआत में ही तीसरे मिनट में गोल कर दिया। ओस्मान डेम्बेले ने ख्विचा क्वाराटशेलिया के पास पर शानदार गोल कर एग्रीगेट स्कोर को और मजबूत कर दिया।
हैरी केन का गोल काम नहीं आया
बायर्न म्यूनिख ने मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन PSG का डिफेंस मजबूत रहा। इंजरी टाइम (90+4 मिनट) में हैरी केन ने गोल कर स्कोर 1-1 किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। केन का यह इस सीजन का 14वां चैंपियंस लीग गोल रहा। बायर्न को आगे बढ़ने के लिए दो गोल की जरूरत थी, जो वह नहीं बना सकी।
रियल मैड्रिड का रिकॉर्ड दोहराने का मौका
PSG के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। अगर टीम फाइनल जीत गई तो वह 1990 के बाद चैंपियंस लीग खिताब को डिफेंड (रिटेन) करने वाली सिर्फ दूसरी टीम बन जाएगी। इससे पहले केवल रियल मैड्रिड ही लगातार दो बार खिताब जीत सकी है। गौरतलब है कि पिछले सीजन में PSG ने इसी एलायंस एरिना पर इंटर मिलान को हराकर अपना पहला चैंपियंस लीग खिताब जीता था।
बायर्न निराश, नोयर का शानदार प्रदर्शन
बायर्न म्यूनिख के लिए यह हार काफी निराशाजनक रही। टीम के खिलाड़ी और मैनेजमेंट रेफरी के कुछ फैसलों से नाराज नजर आए। 6 बार की यूरोपीय चैंपियन बायर्न 2020 के बाद पहली बार फाइनल में नहीं पहुंच सकी। हालांकि, बायर्न के गोलकीपर मैनुअल नोयर ने दूसरे हाफ में कमाल के बचाव किए। उन्होंने क्वाराटशेलिया और डेसिरे डौए के खतरनाक शॉट रोके, जिससे हार का अंतर कम रहा।