धार जिले के बदनावर में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। महू-नीमच फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवारों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। घायल बच्ची को एंबुलेंस की मदद से बदनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तीन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मृतकों के शव सड़क पर रखकर महू-नीमच फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। रतलाम-इंदौर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।