राजधानी भोपाल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न शिकायतों और औचक निरीक्षण के तहत विभाग की टीमों ने शहर के कई प्रमुख रेस्टोरेंट और मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान प्लैटिनम प्लाजा स्थित चर्चित शर्मा विष्णु रेस्टोरेंट के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया
दरअसल, अशोका गार्डन निवासी शोभा अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने शर्मा विष्णु रेस्टोरेंट से सैंडविच खरीदा था, जिसमें कीड़ा मिला। शिकायत के साथ प्रस्तुत तस्वीरों, वीडियो और खरीद बिल को आधार बनाकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुनेश पटेल, पंकज श्रीवास्तव, भोजराज सिंह धाकड़ और साधना सक्सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए
निरीक्षण के दौरान टीम ने सैंडविच और मैदा के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए। जांच में यह भी पाया गया कि रेस्टोरेंट में पेस्ट कंट्रोल यानी कीट नियंत्रण की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता मानकों का निरीक्षण किया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसी अभियान के तहत शहर के अन्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण किया। न्यू मार्केट स्थित ताप्ती रेस्टोरेंट की रसोई और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई। वहीं ईदगाह हिल्स स्थित सागर गहरे आउटलेट में खाद्य पदार्थों के भंडारण और गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। 11 नंबर बस स्टॉप स्थित गोकुल स्वीट्स पर भी टीम ने खाद्य सामग्री के निर्माण, रखरखाव और स्वच्छता मानकों का निरीक्षण किया।
दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुसार दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।