फरीदकोट पुलिस के CIA स्टाफ ने नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने होंडा सिटी कार सवार 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3 विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुहरसहाय के गांव गूदड़ पंजगराई निवासी मंगल सिंह, जलालाबाद के गांव लमोचड़ खुर्द निवासी अंकुश, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना सादिक में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
नाके पर कार रोकने का किया प्रयास
पुलिस के मुताबिक, फरीदकोट में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान और बाबा फरीद आगमन पर्व को देखते हुए CIA स्टाफ की टीम ने इंचार्ज हाकम सिंह के नेतृत्व में सादिक-दीप सिंह वाला रोड पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की थी। शनिवार आधी रात के दौरान दीप सिंह वाला की ओर से एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया। नाके के पास पहुंचते ही कार सवार युवकों ने गाड़ी को पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार को घेर लिया।
गट्टे से मिले 42 पैकेट
पुलिस को कार में रखे एक गट्टे में नशीला पदार्थ होने का शक हुआ। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और DSP अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया गया। उनकी निगरानी में कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गट्टे से हेरोइन के 42 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड में रखे एक लिफाफे से तीन विदेशी .30 बोर पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए गए।
पाकिस्तान से मंगवाई गई खेप: SSP
SSP गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार बरामद नशे और हथियारों की खेप सीमा पार पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। इसे आगे पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
सितंबर में करीब 62 किलो हेरोइन बरामद
SSP ने बताया कि फरीदकोट पुलिस ने सितंबर महीने में अब तक चार बड़े मामलों में करीब 62 किलो हेरोइन बरामद की है। इस दौरान 13 हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार सीमा पार से नशे और हथियारों की सप्लाई को फरीदकोट के रास्ते आगे पहुंचाने की कोशिश की जाती है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।