मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक महिला के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमला में खेत की रखवाली कर रही एक महिला को बदमाश ने अपना शिकार बनाया। घटना 18 और 19 जून की दरमियानी रात की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार महिला अपने पति और बच्चे के साथ खेत पर बनी झोपड़ी में रहकर फसल की रखवाली कर रही थी। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कुछ अज्ञात बदमाश खेत पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले महिला के पति को डराया-धमकाया और जबरन खेत से कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद एक आरोपी महिला के पास पहुंचा और पानी मांगने का बहाना बनाया।
जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया
महिला के पास पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान महिला का छोटा बेटा भी वहीं मौजूद था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
कुछ देर बाद जब महिला का पति वापस लौटा तो पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और खेत मालिक की मदद से बड़नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभिन्न क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी गई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल के आसपास हाल ही में पवन चक्की क्षेत्र से बिजली के तार चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। जांच एजेंसियां दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही हैं। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।