उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में ₹456 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में अब माफियाराज और दंगों का दौर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। देवरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए CM ने राज्य की बदली हुई कानून-व्यवस्था और बढ़ते औद्योगिक निवेश के बारे में बताया।
'जीरो टॉलरेंस' की नीति
मुख्यमंत्री योगी ने अपनी सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जब हमारी सरकार बनी थी, तब भी मैंने कहा था कि अपराध और अपराधियों के प्रति, माफिया और माफियाओं के प्रति हम 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के साथ काम करेंगे।" उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने इस प्रदेश को माफिया-ग्रस्त और दंगा-ग्रस्त बना दिया था।
CM की चेतावनी
कानून-व्यवस्था का उदाहरण देते हुए CM योगी ने कहा कि आज मुहर्रम का अवसर है, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं है कि वह सड़कों पर उतरकर गुंडागर्दी कर सके। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि कोई भी उत्सवपूर्ण माहौल में उपद्रव नहीं फैला सकता है। और यदि वह ऐसा करेगा, तो भुगतेगा भी।
मुझे याद है कि वर्ष 2016 में मदनपुर थाने से कैसे असलहे लूट लिए गए थे और पूरे थाने को आग लगा दिया गया था।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 26, 2026
आज मुहर्रम है, कहीं किसी का अता-पता नहीं है। कोई अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन, सड़कों पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता है।
अगर करेगा तो फिर सात पीढ़ियों तक भुगतेगा भी... pic.twitter.com/qC9yROya6F
UP में निवेश
मुख्यमंत्री योगी ने दावा किया कि सरकार द्वारा बनाए गए सुरक्षा और विश्वास के वातावरण का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में भारी निवेश आ रहा है। देवरिया, गोरखपुर और कुशीनगर जैसे जिलों में लगातार नए उद्योग और उद्यम स्थापित हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उद्योग लगने से प्रदेश के नौजवानों को अब अपने घर के पास ही रोजगार मिल रहा है।