मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 23 सितंबर को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चरगांवा में महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित राजकीय महिला शरणालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे।
100 महिलाओं की क्षमता
चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से राजकीय महिला शरणालय का नया भवन तैयार किया गया है। इसमें एक साथ 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था है। भवन में 10 डारमेट्री, 4 अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासनिक और संचालन संबंधी कार्यों के लिए वर्कशॉप, वार्डन कक्ष और कार्यालय भी बनाए गए हैं। महिलाओं के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय की सुविधा भी रखी गई है।
महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित संरक्षणात्मक और आवासीय संस्था है। यहां घरेलू हिंसा, संकटपूर्ण परिस्थितियों, भटकाव या अन्य सामाजिक एवं पारिवारिक कठिनाइयों से प्रभावित जरूरतमंद महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।
किशोर संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे। इसका निर्माण भी चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस गृह की क्षमता 100 किशोरों की होगी। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक का भी प्रावधान किया गया है। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
बाल-अनुकूल माहौल पर जोर
राजकीय संप्रेक्षण गृह का उद्देश्य कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां उनकी देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोसामाजिक सहयोग, कौशल विकास और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी हैं।
भागवत कथा में भी शामिल होंगे CM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कथा ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की जा रही है।
वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास कथा का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।