जापान के निशिन में खेले गए एशियन गेम्स-2026 के विमेंस क्रिकेट फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले 2022 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।
भारत ने बनाया 216 रन का स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन बनाए। यह एशियन गेम्स में भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली। शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष 49 रन बनाकर नाबाद रहीं। मंधाना और शेफाली ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी हुई।
मंधाना ने पूरे किए 11 हजार रन
स्मृति मंधाना ने अपनी 79 रन की पारी के दौरान विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन भी पूरे कर लिए। उनकी पारी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रभोदा को एक-एक विकेट मिला।
69 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम 15.4 ओवर में सिर्फ 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। चामरी अटापट्टू ने 29 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा सबसे प्रभावी रहीं। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी को 2-2 विकेट मिले। श्रीलंका के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
भारत को गोल्ड
147 रन की बड़ी जीत के साथ भारत ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि श्रीलंका को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
टॉप-10 में भारत
विमेंस क्रिकेट में मिले इस गोल्ड के साथ भारत एशियन गेम्स-2026 की मेडल टैली में टॉप-10 में पहुंच गया है। भारत के खाते में अब तक 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज समेत कुल 7 मेडल हैं।