Sunjay Kapoor's Wife: करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर के निधन के बाद उनके बच्चों कियान और समायरा तथा सौतेली मां प्रिया सचदेव के बीच संपत्ति और वसीयत को लेकर कोर्ट में मुकदमा चल रही है। कोर्ट ने फैसला आने तक संजय कपूर की सारी प्रॉपर्टी फ्रीज कर दी है। अब बच्चों की पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए प्रिया सचदेव ने कोर्ट में याचिका दायर कर पति के EPF अकाउंट से पैसे निकालने की अनुमति मांगी है।
कोर्ट ने फ्रीज संपत्ति में आंशिक संशोधन की मांग
26 मई को हुई सुनवाई में प्रिया सचदेव की याचिका पर कोर्ट ने अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रिया ने 30 अप्रैल के कोर्ट ऑर्डर में आंशिक बदलाव की मांग की है, ताकि EPF से पैसे निकालकर सिर्फ कियान और समायरा की स्कूल-कॉलेज फीस भरी जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, प्रिया के वकील ने कोर्ट को बताया कि- 'निकाले गए पैसे का इस्तेमाल केवल बच्चों की पढ़ाई पर ही होगा।'
बच्चों ने कोर्ट में लगाया फीस न भर पाने का दावा
करिश्मा कपूर के बच्चों ने कोर्ट में कहा था कि- 'उनके पास स्कूल-कॉलेज की फीस भरने तक के पैसे नहीं बचे हैं। समायरा अमेरिका में पढ़ाई करती है और उसने कोर्ट में बताया कि पिछले दो महीनों से उसकी फीस नहीं भरी गई है। तलाक के समय संजय कपूर ने लिखित रूप से बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली थी। उनके निधन के बाद यह जिम्मेदारी प्रिया पर आ गई है।

कोर्ट द्वारा लगाई गई अस्थाई रोक
30 अप्रैल को कोर्ट ने संजय कपूर की संपत्ति पर कई पाबंदियां लगाई थीं, जिनमें शामिल हैं-
1. कंपनियों के शेयर ट्रांसफर नहीं कर सकतीं
2. EPF का पैसा नहीं निकाल सकतीं
3. घड़ियां, गहने, पेंटिंग जैसी कीमती वस्तुएं बेच या गिरवी नहीं रख सकतीं
4. कुछ बैंक खातों और विदेशी संपत्तियों में बदलाव नहीं कर सकतीं
हालांकि, बच्चों की पढ़ाई और कुछ अन्य जरूरी खर्चों के लिए पहले ही कुछ छूट दी गई थी। अब प्रिया नए संशोधन के लिए कोर्ट से अनुमति मांग रही हैं। कोर्ट ने सभी पक्षों को नोटिस जारी कर उनकी सहमति मांगी है।
जून 2025 में हुआ था निधन
संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से हुआ था। 2003 में करिश्मा कपूर से उनकी शादी हुई थी, जिससे कियान और समायरा नाम के दो बच्चे हुए। शादी के 13 साल की बाद दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। संजय कपूर की पहली शादी नंदिता महतानी से हुई थी, जो टूट गई। इसके बाद उन्होंने प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की थी। वसीयत को लेकर बच्चों ने इसे फर्जी बताते हुए चुनौती दी है, जबकि प्रिया ने कोर्ट में वसीयत पेश की है जिसमें बच्चों के नाम कोई खास उल्लेख नहीं है।