जून की शुरुआत देश के बड़े हिस्से के लिए राहत भरी रही। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत 23 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी पर ब्रेक लगा दिया। कई राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरलम में प्रवेश करता है और इसके बाद धीरे-धीरे पूरे देश में आगे बढ़ता है।
राजस्थान में बारिश से जलभराव
राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश हुई। उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में अस्पताल के बाहर पानी भर गया, जबकि जोधपुर के पीपाड़ शहर में सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। पाली जिले के घाणेराव में सड़कों पर नदी की तरह पानी बहता दिखाई दिया। राज्य के 19 जिलों में आज भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में तीन साल का सबसे ठंडा 1 जून
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1 जून का दिन पिछले तीन वर्षों की तुलना में सबसे ठंडा रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। बादलों और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मध्य प्रदेश में 45 जिलों में अलर्ट
मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। धार और बड़वानी जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
3 जून
-
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाएं चल सकती हैं।
-
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना।
-
केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश का अनुमान।
-
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा।
4 जून
-
मध्य प्रदेश, केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना।
-
दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
-
बिहार के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका बनी हुई है।
कई राज्यों में राहत, कुछ जगह गर्मी बरकरार
जहां उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना हुआ है, वहीं बिहार के कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।