राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के तहत रविवार 20 सितंबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में बड़ा स्वयंसेवक एकत्रीकरण आयोजित किया जा रहा है। ‘शाखा संगम’ कार्यक्रम में भोपाल विभाग के पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे, जबकि एम्स भोपाल के डायरेक्टर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मुख्य अतिथि रहेंगे।
सुबह से बैठकों में व्यस्त दत्तात्रेय होसबाले
दत्तात्रेय होसबाले रविवार सुबह से भोपाल के E-8 अरेरा कॉलोनी स्थित समाज सेवा न्यास में विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने भोपाल शहर में संचालित श्रेणी मिलन की टोलियों की बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद संघ विकास मंडली की बैठक हुई। तीसरी बैठक केंद्रीय संस्थानों के छात्रों और प्राध्यापकों के साथ प्रस्तावित है।
शाम 4:30 बजे लाल परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम
शाखा संगम का मुख्य कार्यक्रम शाम 4:30 बजे लाल परेड ग्राउंड में शुरू होगा। इसमें स्वयंसेवकों की ओर से विभिन्न शारीरिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा संघ गीत और घोष वादन भी होगा। आयोजन के जरिए भोपाल विभाग में नियमित रूप से संचालित शाखाओं के बड़े स्वरूप को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
शताब्दी वर्ष में ‘पंच परिवर्तन’ पर जोर
RSS के शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ विजयादशमी 2025 से हुआ है। वर्षभर चल रहे कार्यक्रमों के जरिए संघ की 100 वर्षों की यात्रा और सामाजिक गतिविधियों को सामने रखा जा रहा है। शताब्दी वर्ष के दौरान गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। साथ ही ‘पंच परिवर्तन’ के तहत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर जोर दिया जा रहा है।
शाम को 50 विशिष्ट लोगों के साथ बैठक
मुख्य कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दत्तात्रेय होसबाले चुनिंदा 50 अति विशिष्ट लोगों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद यहीं रात्रिभोज का आयोजन होगा। रात्रिभोज में भोपाल के डीआरएम, एम्स भोपाल के डायरेक्टर समेत विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के प्रमुखों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।