उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 को युवाओं और विद्यार्थियों के लिए सीखने और वैश्विक कारोबारी माहौल समझने का मंच बनाने की तैयारी है। इसी क्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आयोजन की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।
25 से 29 सितंबर तक होने वाले ट्रेड शो में विद्यार्थी आयोजन प्रबंधन, स्टार्टअप, उद्यमिता, करियर और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ी गतिविधियों का हिस्सा बनेंगे। उन्हें उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
चार टीमों में बांटे जाएंगे विद्यार्थी
विद्यार्थियों को शटल संचालन, स्कैनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नॉलेज सेशन, इंफॉर्मेशन डेस्क और B2B मीटिंग्स जैसी गतिविधियों में जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए वालंटियर्स की चार टीमें बनाई गई हैं। विद्यार्थियों की गतिविधियों के लिए फैकल्टी सुपरविजन और नोडल संपर्क की व्यवस्था भी रहेगी। इसका उद्देश्य उन्हें वास्तविक आयोजन प्रबंधन और कारोबारी माहौल का व्यावहारिक अनुभव देना है।
स्टार्टअप और करियर से जुड़ने का मौका
UPITS में विद्यार्थियों के लिए यंग एंटरप्रेन्योर हंट और स्टार्टअप/फाउंडर जोन जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। फाउंडर जोन में विद्यार्थियों को उद्यमियों और स्टार्टअप फाउंडर्स से करीब 15 मिनट की बातचीत का अवसर मिलेगा। वहीं, करियर कॉर्नर में इंटर्नशिप और लाइव प्रोजेक्ट से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों और रोजगार के अवसरों को समझने का मौका मिलेगा।
एक्सपो पासपोर्ट से सीखेंगे
विद्यार्थियों की भागीदारी को सीखने की गतिविधियों से जोड़ने के लिए एक्सपो पासपोर्ट की व्यवस्था की गई है। इसके तहत उन्हें 8 से 10 डिस्कवरी टास्क पूरे करने होंगे। इसके अलावा 45 से 60 मिनट की गाइडेड थीम आधारित ट्रेल्स भी आयोजित की जाएंगी। निर्धारित गतिविधियां पूरी करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
ग्लोबल बिजनेस से रूबरू होंगे युवा
आयोजन में अलग-अलग देशों को प्रदर्शित करने वाली कंट्री वॉल्स और फोटो इंस्टॉलेशन भी विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। कॉलेज एक्सपो एंबेसडर्स के जरिए भी छात्र भागीदारी बढ़ाने की योजना है। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को स्टार्टअप, फाउंडर्स, उद्योग, करियर और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। UPITS में युवा सहभागिता को आयोजन प्रबंधन और अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।