Child Dies due to Drowning: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में नहाने गए 13 वर्षीय नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष कुमार के रुप में की गई है, जो कि दानापुर के शाहपुर थाना अंतर्गत मुबारकपुर कृषि फार्म निवासी अशोक राय का बेटा है।
वह गर्मियों की छुट्टियों में नानी के घर आया था।
गर्मी की छुट्टियों में ननिहाल आया था कृष
कुछ दिन पहले कृष कुमार गर्मियों की छुट्टियां बीताने के लिए मनेर के दूधौला गांव स्थित अपने फुआ और नानी के घर आया था। गुरुवार सुबह वह गांव के अन्य बच्चों के साथ दूधौला घाट पर गंगा स्नान करने गया।
नहाते समय अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण वह बीच धारा में चला गया और डूब गया। साथी बच्चों ने शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन तब तक कृष गहरे पानी में गायब हो चुका था।
SDR के सर्च ऑपरेशन, मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गया। स्थानीय पुलिस और SDRF टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार देर शाम तक शव नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह परिजनों ने खुद नाव लेकर गंगा में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दानापुर के नासरीगंज घाट के पास पानापुर घाट के निकट कृष का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि- 'शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।'
बता दें कि, कृष कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी दो बहनें हैं।