टीकमगढ़ जिले के जतारा नगर परिषद क्षेत्र स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर पहुंचे ग्रामीणों और बिजली कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें महिलाएं हाथों में चप्पल और लाठियां लिए दिखाई दे रही हैं। कुछ महिलाएं कार्यालय के बाहर जमीन पर लोट-लोटकर रोती नजर आईं।
डेढ़ महीने से खराब है ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत रतनगुवां भाटा का ट्रांसफार्मर पिछले डेढ़ महीने से खराब पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण सुनील अहिरवार ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी वे बिजली कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया था। लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
महिलाओं ने लगाए मारपीट और अभद्रता के आरोप
ग्रामीण महिलाओं कमला और सुखवती का आरोप है कि जब वे ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर कार्यालय पहुंचीं तो कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिया और उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। महिलाओं का कहना है कि उन्हें कुर्सियां तक मारी गईं, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
कर्मचारियों ने भी लगाए गंभीर आरोप
वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी चंद्रशेखर नरवरिया ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ हाथापाई की। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने टेबल, कुर्सियां और कंप्यूटर को नुकसान पहुंचाया। साथ ही कुछ लोगों ने खिड़कियों से पत्थर भी फेंके, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जतारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।