मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में मंगलवार रात आरटीओ चेकपोस्ट पर जमकर हंगामा हुआ। कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट से नाराज ड्राइवरों ने उग्र प्रदर्शन किया। गुस्साए चालकों ने आरटीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे पलट दिया और पास बनी झोपड़ी में आग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 10 बजे की है। चेकिंग के दौरान आरटीओ कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालक के साथ मारपीट की। इसकी खबर मिलते ही हाईवे पर मौजूद बड़ी संख्या में ट्रक चालक मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।
100 से ज्यादा ड्राइवरों ने किया हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर करीब 100 से ज्यादा चालक जमा हो गए। आक्रोशित ड्राइवरों ने चेकपोस्ट पर खड़े आरटीओ वाहन को पलट दिया। कई लोग वाहन पर चढ़कर तोड़फोड़ करते दिखाई दिए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चेकपोस्ट के पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी। आगजनी और हंगामे के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अधिकारी मौके से भागे
स्थिति बिगड़ती देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए। हंगामे के कारण नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फ्लैग मार्च कर रही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे चालकों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और यातायात बहाल कराया। हालांकि जिस ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट हुई थी, वह शिकायत दर्ज कराए बिना ट्रक लेकर महाराष्ट्र की ओर रवाना हो गया।