पंजाब के न्यू अगर नगर इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना शुक्रवार को सामने आई है। परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा विवाद रविवार रात खूनी मोड़ पर पहुंच गया, जब एक सेवानिवृत्त सैन्य हवलदार ने कथित तौर पर अपने ही बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
प्रतीकात्मक तस्वीर
दूसरी शादी को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, 66 वर्षीय सुरिंदर सिंह अपनी पत्नी की मौत के बाद एक महिला से विवाह करना चाहते थे। हालांकि, उनके 38 वर्षीय बेटे गुरशरण सिंह को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच पिछले काफी समय से तनाव बना हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर बहस और झगड़े होते रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, सुरिंदर सिंह के प्रेम संबंध को लेकर परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
गली में दौड़ाकर बेटे पर चलाई गोलियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि सुरिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली। हथियार देखकर गुरशरण जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा, लेकिन आरोपी पिता ने उसका पीछा किया।
बताया जा रहा है कि सुरिंदर सिंह ने गली में बेटे पर कई राउंड फायर किए, जिससे गुरशरण की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्रतीकात्मक तस्वीर
बेटे की हत्या के बाद पिता ने भी खाया जहर
वारदात के बाद सुरिंदर सिंह वापस घर लौट आया और कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी हथियार को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
विदेश में रहती हैं मृतक की बहनें
पुलिस के मुताबिक, मृतक गुरशरण सिंह अविवाहित था। उसकी दो बहनें इंग्लैंड और कनाडा में रहती हैं, जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। सुरिंदर सिंह रिटायरमेंट के बाद एक बैंक में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।