हैदराबाद से जयपुर जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। यह घटना नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार आग ट्रेन के थ्री-टियर एसी कोच B1 और B2 में लगी थी। यह ट्रेन निर्धारित समय शाम 7 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही आग की घटना सामने आ गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। तीन दमकल इंजनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इलाके को खाली कराया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
सबसे अहम बात यह रही कि हादसे के वक्त कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था। इसी कारण बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खामी या अन्य कारणों की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।