दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मछली मंडी के पास एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, इमारत के मलबे में 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत की बात यह है कि रेस्क्यू टीमों ने अब तक दो बच्चों समेत 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
दोपहर 3 बजे के आसपास हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने की घटना दोपहर करीब 3:10 बजे हुई। यह बिल्डिंग ईदगाह मस्जिद के पास गली के अंदर स्थित थी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पहली मंजिल पर एक परिवार के चार से पांच सदस्य मौजूद थे। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल पर एंबुलेंस भी पहुंचीं और बचाए गए लोगों को अस्पताल भेजा गया।
ग्राउंड फ्लोर पर थीं दुकानें
बताया जा रहा है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जबकि उसके ऊपर चार मंजिलें बनी हुई थीं। इन मंजिलों में अलग-अलग परिवार रहते थे। बिल्डिंग मालिक का परिवार भी इसी इमारत में रहता था और उसके भी मलबे में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीमों के साथ मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं।
कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना के मुताबिक, अब तक करीब पांच से छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है और फिलहाल दो से तीन लोगों के अंदर फंसे होने की जानकारी है। अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों से संपर्क भी बना हुआ है और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में तीन साल में 1100 से ज्यादा बिल्डिंग गिरने की घटनाएं
आंकड़ों के मुताबिक, 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत गिरने की 1133 घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 98 लोगों की जान गई। सीमापुरी की घटना ने एक बार फिर दिल्ली में पुरानी और कमजोर इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।