प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली के सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रियों की बैठक हुई। बैठक में सरकार के कामकाज, मंत्रालयों के प्रदर्शन और आगे की योजनाओं पर बात की गई। करीब साढ़े 4 घंटे चली बैठक में PM मोदी ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का लक्ष्य और वादा है। उन्होंने मंत्रियों से तेजी से काम करने और फाइलों में देरी नहीं होने देने को कहा।
PM ने की तस्वीरें शेयर
PM मोदी ने कहा कि सरकार के कामकाज को और आसान बनाया जाए और सुधारों पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे लोगों के बीच जाकर सरकार के 12 साल के काम और उपलब्धियों की जानकारी दें। सुबह PM ने मीटिंग की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- कल मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। हमने ‘जीवन की सुगमता’ और 'व्यापार करने की सुगमता' को बढ़ावा देने से जुड़े विचारों और बेहतरीन तौर-तरीकों का चर्चा की, और इस बात पर चर्चा की कि 'विकसित भारत' के हमारे साझा सपने को साकार करने के लिए सुधारों को और आगे कैसे बढ़ाया जाए।
मंत्रालयों का प्रदर्शन
बैठक में कृषि, वन, श्रम, सड़क परिवहन, विदेश, वाणिज्य और बिजली समेत कई मंत्रालयों ने अपने कामकाज की जानकारी दी। जिन मंत्रालयों का प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें सुधार लाने और बेहतर तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आधा दर्जन से ज्यादा मंत्रालयों ने प्रेजेंटेशन दिए। इनमें 9 मंत्रालयों ने अपने प्रदर्शन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी दी। कैबिनेट सचिव और नीति आयोग ने भी प्रेजेंटेशन दिए।
सरकार का कामकाज
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक को सरकार के कामकाज की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल हुए। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं।