लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुकी भारतीय टीम को एशियन गेम्स से पहले जापान के खिलाफ मुकाबले में कड़ी चुनौती मिली। बारिश के कारण यह मैच सिर्फ 5-5 ओवर का खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 32 रन बनाए। जवाब में जापान की टीम 5 विकेट के मैच में 3 विकेट खोकर 30 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने मुकाबला सिर्फ 2 रन से अपने नाम किया।
आखिरी ओवर में रोमांच
जापान को जीत के लिए आखिरी ओवर में 8 रन चाहिए थे। भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल ने इस ओवर में सिर्फ 5 रन दिए और भारत को जीत दिला दी। आखिरी ओवर के दौरान वाइड को लेकर भी विवाद हुआ। अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर ने अक्षर की गेंद पर रिवर्स हिट खेलने की कोशिश की। अंपायर क्रिस थर्गेट ने गेंद को वाइड करार दिया। अगली गेंद पर भी कुछ ऐसा ही हुआ। इस बार भारतीय टीम ने वाइड के फैसले पर आपत्ति जताई। इसके बाद लेग अंपायर क्रिस ब्राउन ने साथी अंपायर से चर्चा की और दूसरी वाइड का फैसला बदल दिया गया। फैसला बदलने के बाद जापान को 3 गेंदों पर 7 रन बनाने थे, लेकिन टीम केवल 5 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 2 रन से मैच जीत लिया। मुकाबले में टीवी अंपायर और DRS की सुविधा नहीं थी, इसलिए फैसला मैदान पर मौजूद अंपायरों की चर्चा के बाद लिया गया।
बारिश ने घटाए ओवर
मैच बारिश के कारण करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुआ। इसके बाद मुकाबले को 5-5 ओवर का कर दिया गया। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। कप्तान श्रेयस अय्यर भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 रन बनाए। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि संजू सैमसन ने 9 और ईशान किशन ने 3 रन बनाए। यह मुकाबला भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया गया था।
भारत ने पहली बार खेला 5 ओवर का मैच
टीम इंडिया के लिए यह पहला 5-5 ओवर का मुकाबला था। बारिश या खराब मौसम के कारण क्रिकेट मैच में ओवर कम किए जाते हैं, लेकिन टी-20 इंटरनेशनल में कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी है। भारत इससे पहले 9-9 और 11-11 ओवर के मुकाबले खेल चुका है। हालांकि, 5-5 ओवर का मैच पहली बार खेला गया।
टी-20 इंटरनेशनल में 200वीं जीत
जापान के खिलाफ मिली इस जीत के साथ भारत ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी 200वीं जीत भी दर्ज की। भारत ऐसा करने वाली पहली टीम बनी। इसमें सुपर ओवर के जरिए हासिल की गई जीत भी शामिल हैं।