राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में वर्ष 2025-26 के स्कॉलरशिप वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।

850 मेधावी बेटियों को मिली छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज 850 मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी छात्राओं का जोरदार अभिनंदन किया. और कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। यह सहयोग उन्हें शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद करेगा।
शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
महापुरुषों की सीख को अपनाने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रसखान, रहीम और अन्य महान साहित्यकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। भारतीय संस्कृति और साहित्य हमें सदैव अच्छे विचारों और मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
जल संरक्षण को बताया समय की जरूरत
उन्होंने वर्तमान में बढ़ रहे जल संकट का जिक्र करते हुए कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पानी बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित युवा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और समाज को जागरूक बनाने में योगदान दे सकते हैं।
छात्राओं को दी शुभकामनाएं
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर वे अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं।