उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे यमुनोत्री आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को रोक दिया। NH की JCB और भारी मशीनें मौके पर पहुंची। घटना यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास की है।
6 जिलों में बरिश
इधर, 6 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इनमें नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और उत्तरकाशी शामिल हैं। नैनीताल के तल्लीताल, मल्लीताल, हल्द्वानी, देहरादून के घंटाघर, राजपुर, रायपुर, पटेल नगर और प्रेमनगर, ऊधम सिंह नगर के खटीमा और हरिद्वार शहर में बारिश हुई।

गरज चमक और आंधी
वहीं मसूरी में 3 घंटे तक बारिश होती रही। पौड़ी के कोटद्वार में भी हल्की बैछारें पड़ी। राज्य के 8 जिलों में मौसम खराब है। इनमें अल्मोड़ा, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग शामिल है। मौसम विभाग ने सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
बारिश का रिकॉर्ड
इधर, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। देहरादून के हाथीबड़कला में 35 mm, कोटी उत्तरकाशी में 34 मिमी, पौड़ी में 30 मिमी और मुक्तेश्वर में 29 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मसूरी, रानीखेत, थलीसैंण, नैनीताल और ऊखीमठ समेत कई क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज हुई।