दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को छह वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन उनकी रहस्यमयी मृत्यु आज भी करोड़ों लोगों के लिए एक अनसुलझा सवाल बनी हुई है। 14 जून 2020 को आई उनकी मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले में कई जांच एजेंसियों ने पड़ताल की, लेकिन इसे लेकर बहस और चर्चाओं का दौर आज भी जारी है। अब इसी बहुचर्चित मामले पर आधारित फिल्म ‘सॉरी बाबू’ बनने जा रही है, जिसकी घोषणा के साथ ही इसका फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
जिनके जवाब आज भी लोग तलाश रहे हैं
फिल्म के पोस्टर ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। फैंस इसे सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े उन सवालों से जोड़कर देख रहे हैं, जिनके जवाब आज भी लोग तलाश रहे हैं। फिल्म का निर्माण SSR Films के बैनर तले किया जा रहा है, जबकि इसका निर्देशन दीपक भगवत कर रहे हैं।
लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रहा
फिल्म का शीर्षक ‘सॉरी बाबू’ भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रहा है। यह नाम उस चर्चित कथित घटना से प्रेरित बताया जा रहा है, जिसका जिक्र सुशांत की मौत के बाद सामने आया था। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में ऐसे कई पहलुओं को दिखाया जाएगा, जो अब तक आम लोगों की नजरों से दूर रहे हैं।
वर्षों तक देशभर का ध्यान अपनी ओर खींचा
फिल्म में करणी सेना से जुड़े रहे सुजीत सिंह राठौर मुख्य भूमिका निभाएंगे। सुजीत पहले भी इस मामले से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म किसी निष्कर्ष पर पहुंचने का दावा नहीं करती, बल्कि उन घटनाओं और सवालों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी, जिन्होंने वर्षों तक देशभर का ध्यान अपनी ओर खींचा।
हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन ‘सॉरी बाबू’ के ऐलान ने एक बार फिर सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े मामले को सुर्खियों में ला दिया है।