Benefits of Vegetable Peels: आजकल जब हर कोई हेल्दी खान-पान और पोषण की बात कर रहा है, तो सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने एक महत्वपूर्ण टिप दी है। उन्होंने बताया कि सब्जियों के वे हिस्से जो हम आमतौर पर कूड़े में फेंक देते हैं, दरअसल पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। हरा धनिया की डंडियां, ब्रोकली के डंठल, फूलगोभी की पत्तियां और मूली की पत्तियां – ये सभी फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना हैं। इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करके न सिर्फ पोषण बढ़ाया जा सकता है बल्कि खाने का स्वाद भी बेहतर किया जा सकता है।
सब्जियों के छिलके और डंठल क्यों हैं फायदेमंद?
श्वेता शाह के अनुसार, सब्जियों के बाहरी हिस्सों में अक्सर पत्तियों से ज्यादा फाइबर और कुछ खास पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन्हें फेंकने की बजाय रसोई में इस्तेमाल करने से पैसे की बचत होती है और पर्यावरण को भी नुकसान कम पहुंचता है। ये हिस्से डिटॉक्सिफिकेशन, डाइजेशन, इम्यूनिटी और हड्डियों की सेहत के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं।
हरा धनिया की डंडियां
हरा धनिया ज्यादातर लोग पत्तियां तो इस्तेमाल करते हैं, लेकिन डंडियों को फेंक देते हैं। श्वेता शाह बताती हैं कि धनिया की डंडियों में भरपूर फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स होते हैं। ये पत्तियों जितनी ही स्वादिष्ट होती हैं।
आप इन डंडियों को बारीक काटकर सूप, सब्जी की करी, दाल या फिर हरी चटनी में डाल सकते हैं। इन्हें स्मूदी में भी ब्लेंड किया जा सकता है। इससे न सिर्फ पोषण बढ़ता है बल्कि चटनी का स्वाद भी गहरा हो जाता है।

फूलगोभी की पत्तियां
फूलगोभी की पत्तियों को अक्सर कचरा समझकर फेंक दिया जाता है, जबकि ये कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होती हैं। श्वेता शाह कहती हैं कि इन पत्तियों को साग की तरह पकाकर खाया जा सकता है।
इनकी भाजी बनाएं, पराठे में स्टफिंग के रूप में इस्तेमाल करें, दाल या सब्जी में एड करें, ये पत्तियां खाने से खून की कमी दूर करने और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है।
ब्रोकली के डंठल
ब्रोकली को सुपरफूड माना जाता है, लेकिन इसके डंठल अक्सर बेकार समझे जाते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, ब्रोकली के डंठलों में भी विटामिन C, आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
डंठल की ऊपरी सख्त परत छील लें, फिर बारीक काटकर स्टर फ्राई, सूप, सलाद या पास्ता में इस्तेमाल करें। इससे ब्रोकली का पूरा पोषण मिलता है और बर्बादी भी रुकती है।
मूली की पत्तियां
मूली खाने के साथ-साथ उसकी पत्तियां भी कम फायदेमंद नहीं हैं। ये पत्तियां शरीर के डिटॉक्सिफिकेशन में मदद करती हैं, डाइजेशन सुधारती हैं और विटामिन A, C तथा आयरन का अच्छा स्रोत हैं।
मूली के पत्तों का साग बना सकते हैं, पराठे या थालीपीठ में भरकर खा सकते हैं। इन पत्तियों को नियमित रूप से खाने से पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है और इम्यूनिटी मजबूत होती है।