Norway Chess 2026: नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश को एक और झटका लगा है। दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने उन्हें हराकर गुकेश को लगातार तीसरी हार दी। इस हार के साथ गुकेश टूर्नामेंट की स्टैंडिंग में सबसे नीचे पहुंच गए हैं। 7 बार के नॉर्वे चेस चैंपियन कार्लसन ने काले मोहरों से खेलते हुए गुकेश को पराजित किया।

मैच के बाद कार्लसन ने कहा कि गुकेश की ओपनिंग रणनीति देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। उन्होंने कहा, “भारतीय खिलाड़ी ने जरूरत से ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया, जिसका मैंने पूरा फायदा उठाया।”
अंक तालिका में बदलाव
इस जीत के बाद कार्लसन 4.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि गुकेश 3.5 अंकों के साथ आखिरी पायदान पर खिसक गए हैं।
प्रज्ञानानंदा का शानदार प्रदर्शन
इस बीच आर. प्रज्ञानानंदा ने अपना दमखम बरकरार रखा। उन्होंने विन्सेंट कीमर के खिलाफ क्लासिकल मैच ड्रॉ होने के बाद आर्मगेडन टाईब्रेक में मात्र 17 चालों में जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ प्रज्ञानानंदा 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा 8.5 अंकों के साथ टूर्नामेंट में टॉप पर काबिज हैं।
दिव्या को मिली हार
महिला वर्ग में भारत की दिव्या देशमुख को पहली बार आर्मगेडन टाईब्रेक में हार का सामना करना पड़ा। डिफेंडिंग चैंपियन अन्ना मुजिचुक ने उन्हें हराया। दिव्या 5.5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। दूसरी ओर, कोनेरू हम्पी टूर्नामेंट में आखिरी स्थान पर बनी हुई हैं।