देशभर में नौतपा के बीच भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना समेत कई राज्य झुलसा देने वाली गर्मी की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत में इस समय गर्मी का सबसे खतरनाक दौर चल रहा है।
उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार 8वें दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 47°C से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं विदर्भ का ब्रह्मपुरी भी सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।
खजुराहो और नौगांव भी सबसे गर्म शहरों में शामिल
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का खजुराहो 47.2°C तापमान के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं नौगांव में 46.8°C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और छतरपुर जैसे इलाकों में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।
पंजाब में स्कूल और सरकारी दफ्तरों का समय बदला
बढ़ती गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूल और दफ्तर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। चंडीगढ़ प्रशासन ने भी समर कैंपों में आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी है ताकि बच्चों को लू और तेज धूप से बचाया जा सके।
मानसून केरल तट पर अटका
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मानसून अभी केरल तट से करीब 30-35 किलोमीटर दूर अटका हुआ है। पिछले तीन दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। हालांकि केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन मानसून के आगे बढ़ने की सभी जरूरी परिस्थितियां अभी पूरी नहीं हो पाई हैं।
यूपी में नौतपा का कहर, बांदा 47.6°C के साथ सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नौतपा की शुरुआत के साथ तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। हालांकि अब लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 29 मई के बाद मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है और तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है, लेकिन 29 मई के बाद प्री-मानसून गतिविधियों और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल सकता है।
बांदा बना सबसे गर्म शहर
बांदा में तापमान 47.6°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के सबसे अधिक तापमान वाले शहरों में शामिल रहा। इसके अलावा:
- झांसी – 46°C
- उरई – 45.8°C
- आगरा – 45.5°C
- प्रयागराज – 45.4°C
- हमीरपुर – 45.2°C
राजधानी लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 42.3°C तक पहुंच गया।
दोपहर में सुनसान हो रहीं सड़कें
गर्मी का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय सड़कें खाली नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और बाहर काम करने वाले लोगों को हो रही है। डॉक्टरों के मुताबिक हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।
अस्पताल हाई अलर्ट पर
राज्य सरकार ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने ज्यादा पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और हल्के सूती कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।
नौतपा का धार्मिक प्रभाव भी दिखा
अयोध्या में नौतपा के दौरान मंदिरों में भगवान को शीतल भोग लगाया जा रहा है। वहीं वाराणसी में बच्चे गंगा नदी में तैराकी सीखते नजर आए, ताकि गर्मी से राहत मिल सके।