Singapore Open Final: सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में भारत की मेंस डबल जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रवेश कर लिया है। चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में दुनिया की नंबर-1 साउथ कोरियाई जोड़ी किम वोन हो और सियो सेउंग जे को 21-19, 21-18 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
बता दें कि, 52 मिनट तक चले इस मुकाबले में सात्विक और चिराग ने पहली बार किम-सियो जोड़ी को हराया। दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
पहले गेम में रहे पीछे फिर की वापसी
पहले गेम की शुरुआत में कोरियाई जोड़ी 13-11 से आगे थी। मिड-गेम ब्रेक के बाद सात्विक-चिराग ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार अंक बनाते हुए 21-19 से पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में भी शानदार कमबैक
दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी 11-14 से पीछे चल रही थी। फिर सात्विक और चिराग ने अपना जलवा दिखाते हुए वापसी करते हुए स्कोर 21-18 से अपने पक्ष में कर लिया और इसी के साथ मैच 2-0 से जीत लिया।

फाइनल में किससे होगा मुकाबला?
रविवार को भारतीय जोड़ी फाइनल में इंडोनेशिया की फजर अल्फियान-मुहम्मद शोहिबुल फिकरी और चीन की लियांग वेई कांग-चांग वांग के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी।
मिश्रित युगल में निराशा
मिश्रित युगल वर्ग में भारत को झटका लगा। ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी सेमीफाइनल में जापान की युइची शिमोगामी और सयाका होबारा से 16-21, 21-17, 13-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में वापसी जरूर की, लेकिन निर्णायक गेम में जापानी खिलाड़ियों ने बेहतर खेल दिखाया।