पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर चंडीगढ़ स्थित म्युनिसिपल भवन में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार अब तक 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है और आने वाले समय में भी भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी।
पंजाब सीएम भगवंत मान
मेरिट के आधार पर हो रही भर्ती: मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 355 युवा लड़के-लड़कियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मान ने कहा कि चयनित युवाओं ने स्वयं बताया है कि नौकरी प्राप्त करने के लिए उन्हें न तो किसी प्रकार की सिफारिश की आवश्यकता पड़ी और न ही किसी को पैसे देने पड़े। उन्होंने इसे राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती नीति का प्रमाण बताते हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा और धुरी रैली पर साधा निशाना
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने हाल ही में धुरी में आयोजित हरियाणा के मुख्यमंत्री की रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यक्रम में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं दिखा।
मान ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री धुरी आए थे और सभी ने देखा कि उनके सामने कितने लोग मौजूद थे। उन्होंने रैली को “फ्लॉप शो” करार देते हुए दावा किया कि पंजाब के लोग भाजपा को पसंद नहीं करेंगे।

किसानों के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब के किसानों और आम लोगों ने भाजपा का रवैया करीब से देखा है। उनके अनुसार, किसानों से जुड़े मुद्दों के कारण राज्य की जनता भाजपा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण नहीं रखती।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और राज्य के विकास को गति देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन और पारदर्शी शासन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।