देहरादून में बेटे की चाहत में पति ने 8 महीने की गर्भवती पत्नी के पेट में लात-घूंसे मारने के साथ करंट लगा दिया, जिससे गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो गई। घटना विकासनगर के सहसपुर की है। ऑपरेशन के जरिए मृत शिशु को बाहर निकाला गया। पीड़िता की दून अस्पताल में हालत गंभीर है। आरोप है कि कुछ दिन पहले पति ने हरियाणा के पानीपत में गैरकानूनी तरीके से लिंग परीक्षण करवाया था।
8 माह की गर्भवती पर हमला
गर्भ में बेटी होने की पुष्टि होने के बाद नाराज पति ने पत्नी की पिटाई की। पत्नी सीमा की पहले से 2 बेटियां थीं, जिससे बबलू खुश नहीं था और वह लगातार सीमा के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था। जब अगली भी बेटी होने का पता चला तो बबलू ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने 8 महीने की गर्भवती सीमा के पेट पर लात-घूंसों से वार किए और लकड़ी के डंडे से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, उसने टब में पानी भरकर सीमा को करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की। इस बेरहम पिटाई के कारण पेट में पल रही 8 माह की बच्ची की गर्भ में ही मौत हो गई।
बच्चे की मौत
घटना की भनक लगते ही जब पीड़िता के पिता शेरसिंह अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, तो दामाद बबलू ने उन्हें मिलने से रोक दिया। इसके बाद पिता ने पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति व पीड़िता को सहसपुर कोतवाली लेकर आई। सीमा की नाजुक हालत को देखते हुए पहले उसे सहसपुर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। दून अस्पताल में डॉक्टरों ने पेट में पल रहे शिशु के मृत होने की पुष्टि की और ऑपरेशन के जरिए मृत बच्ची के शव को बाहर निकाला।