Jaipur Hospital Accident: राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हॉस्पिटल परिसर में स्थित एक पुराने भवन का छज्जा अचानक गिरने से दो लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।
दोपहर करीब 3 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना 30 मई शनिवार दोपहर करीब 3 बजे चरक भवन के पास बने डॉक्टर्स सेमिनार हॉल की बिल्डिंग के पास हुई।
बताया जा रहा है कि, भवन का कुछ हिस्सा काफी समय से जर्जर हालत में था, जिसके चलते इसके उपयोग को सीमित कर दिया गया था। इसी बीच अचानक छज्जे का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

मलबे के नीचे दब गए दोनों व्यक्ति
हादसे के समय भवन के बाहर छाया में दो व्यक्ति आराम कर रहे थे। छज्जा गिरते ही भारी मलबा सीधे उनके ऊपर आ गिरा। आसपास मौजूद लोगों और अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला, दोनों व्यक्तियों को तत्काल SMS हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जिसमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय सागर के रूप में हुई है, जो अजमेर जिले के केकड़ी क्षेत्र का निवासी था। हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति बाबूलाल का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
हॉस्पिटल में तैनात सुरक्षा गार्डों का बयान
हॉस्पिटल में तैनात सुरक्षा गार्डों ने बताया कि- 'ये दोनों व्यक्ति खाना खाने के बाद इस बिल्डिंग के पास सो गए थे। इसी दौरान बिल्डिंग के छज्जे का मलबा इन पर गिर गया।'
घायल का बयान
घायल बाबूलाल ने बताया कि - 'हॉस्पिटल के पास भंडारा लग रहा था, वहां पर मैंने और सागर ने खाना खाया। फिर बिल्डिंग की नीचे छाया में आकर सो गए थे। तभी अचानक जोर से हम पर पत्थर और मलबा गिरा। सागर के बहुत ज्यादा चोट आई थी। वो मेरे गांव का ही रहने वाला था।'