Baran Doctor Murder Case: कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. वैभव चावला की ...

baran-doctor-murder-case

Baran Doctor Murder Case: कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. वैभव चावला की हत्या का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

baran doctor murder case कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ वैभव चावला की हत्या का खुलासा 2 आरोपी गिरफ्तार

Baran Doctor Murder Case: राजस्थान के बारां जिले के कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. वैभव चावला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों, अशोक कुमार वर्मा और शंकरलाल बैरवा, को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी उसी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थे, जहां डॉ. वैभव चावला ड्यूटी करते थे। पुलिस अधीक्षक राज कुमार चौधरी ने बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश और कार्यस्थल पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते की गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

पार्वती नदी में तैरता मिला शव

18 मई 2025 को बारां सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कोटड़ी सूंड़ा गांव के पास पार्वती नदी के किनारे एक मोटरसाइकिल खड़ी है, साथ ही कुछ कपड़े और एक मोबाइल फोन पड़ा हुआ है। इस सूचना पर थानाधिकारी हीरालाल पूनिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मोटरसाइकिल कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. वैभव चावला की निकली। पुलिस ने डॉ. वैभव के परिजनों को सूचना दी और उन्हें मौके पर बुलाया। तलाशी के दौरान पार्वती नदी के एनीकट के पास डॉ. वैभव चावला का शव तैरता हुआ मिला। उनके पिता ने शव की पहचान की। शव को नदी से निकालकर बारां के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। 19 मई 2025 को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित

डॉ. वैभव के पिता गोपाल लाल आर्य की शिकायत पर बारां सदर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमेंद्र सिंह शेखावत को सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए थानाधिकारी हीरालाल और साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की।

Baran Doctor Murder Case: हत्या का कारण

पुलिस जांच में सामने आया कि डॉ. वैभव चावला कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। उसी केंद्र में अशोक कुमार वर्मा नर्सिंग ऑफिसर और शंकरलाल बैरवा हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। कुछ महीने पहले डॉ. वैभव ने अशोक वर्मा को वार्ड में इंजेक्शन लगाने को लेकर डांट लगाई थी, जिसके बाद अशोक ने उनसे बातचीत बंद कर दी थी। इस विवाद की जानकारी डॉ. वैभव के पिता गोपाल लाल को मिली। उन्होंने कोयला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर दोनों के बीच सुलह कराई थी।

अशोक वर्मा ने की हत्या

हालांकि, अशोक वर्मा अक्सर बिना कारण ड्यूटी से गैरहाजिर रहते थे और समय पर काम पर नहीं आते थे। इस वजह से डॉ. वैभव ने उनकी उपस्थिति रजिस्टर में गैरहाजिरी दर्ज की। अशोक इस रजिस्टर में गलत तरीके से अपने हस्ताक्षर कर हाजिरी बदल लेते थे। इस बात को लेकर डॉ. वैभव ने पिछले महीने अशोक को 4-5 कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। इन नोटिसों से नाराज होकर अशोक ने डॉ. वैभव से रंजिश रखना शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी नाराजगी अपने सहकर्मी शंकरलाल बैरवा से साझा की, जिसके बाद दोनों ने मिलकर डॉ. वैभव को सबक सिखाने की योजना बनाई।

हत्या का तरीका

17 मई 2025 को डॉ. वैभव चावला अपनी ड्यूटी के लिए कोयला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उस दिन अशोक वर्मा और शंकरलाल बैरवा भी ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब 2 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद डॉ. वैभव बारां लौटने के लिए निकले। तभी अशोक ने गर्मी का हवाला देकर उन्हें ठंडा पेय पिलाने के बहाने रोक लिया। अशोक ने शंकरलाल को फोन कर ठंडा मंगवाया। तीनों ने साथ में ठंडा पिया। इसके बाद दोनों ने गर्मी का बहाना बनाकर डॉ. वैभव को नहाने के लिए किसी स्थान पर चलने के लिए राजी कर लिया। अशोक और शंकरलाल ने डॉ. वैभव को उनकी मोटरसाइकिल पर बीच में बिठाकर कोटड़ी सूंड़ा गांव ले गए। वहां अशोक ने एक शराब ठेके से 5 कैन बीयर और पानी की बोतलें खरीदीं, साथ ही किराने की दुकान से सिगरेट भी ली। दोनों ने डॉ. वैभव को ज्यादा शराब पिलाई और पहले से बनाई योजना के तहत उन्हें पार्वती नदी में डुबोकर मार डाला। हत्या के बाद दोनों ने शव को नदी में छोड़ दिया और जंगल के रास्ते पैदल वापस कोयला स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। अगले दिन जब डॉ. वैभव के पिता उन्हें तलाशने आए, तो दोनों ने तथ्य छुपाए और उन्हें गुमराह किया।

Baran Doctor Murder Case: जांच और गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू की। कोटड़ी सूंड़ा और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली गई। कोटड़ी सूंड़ा में एक किराने की दुकान के सीसीटीवी फुटेज में अशोक और शंकरलाल को डॉ. वैभव को मोटरसाइकिल पर ले जाते देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने अशोक कुमार वर्मा और शंकरलाल बैरवा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। दोनों से अभी और पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

अशोक कुमार वर्मा:  पिता: गोकुल प्रसाद वर्मा उम्र: 33 वर्ष पता: लोढ़ाखेड़ा, थाना बकानी, जिला झालावाड़ वर्तमान पद: नर्सिंग ऑफिसर, कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारां शंकरलाल बैरवा:  पिता: नारायण लाल उम्र: 38 वर्ष पता: ढाणी राजपुरा, थाना बगरू, जिला जयपुर ग्रामीण वर्तमान पद: हेल्थ सुपरवाइजर, कोयला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारां सुमरन सिंह की रिपोर्ट

संबंधित सामग्री

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक उज्जैन में, शाह करेंगे सिंहस्थ की तैयारियों का मुआयना, CM डॉ. यादव ने दी जानकारी

राज्य

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक उज्जैन में, शाह करेंगे सिंहस्थ की तैयारियों का मुआयना, CM डॉ. यादव ने दी जानकारी

गृह मंत्री अमित शाह ने उज्जैन में 2027 में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की घोषणा की। मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त बताया गया।

जनरल खंडूरी के निधन पर CM धामी हुए भावुक, पार्थिव शरीर को दिया कंधा

राज्य

जनरल खंडूरी के निधन पर CM धामी हुए भावुक, पार्थिव शरीर को दिया कंधा

पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल अपनी यात्रा रोकी और अंतेष्टि में शामिल हुए।

CM योगी ने हाईलेवल मीटिंग में की 3 विषयों की समीक्षा, लखनऊ बनेगा “AI सिटी”

राज्य

CM योगी ने हाईलेवल मीटिंग में की 3 विषयों की समीक्षा, लखनऊ बनेगा “AI सिटी”

CM Yogi Adityanath reviews key initiatives like UP Data Center Cluster (UPDCC) and Project Ganga to transform UP into a global AI and tech hub.

घर में हो रहें हर रोज विवाद, अपनाएं ये वास्तु नियम

सनातन

घर में हो रहें हर रोज विवाद, अपनाएं ये वास्तु नियम

Explore simple and effective Vastu solutions to remove negative energy and improve mental peace and harmony in your home.

हरियाणा में भीषण गर्मी पर सरकार सतर्क, स्कूलों की छुट्टियों को लेकर आज बड़ा फैसला संभव

राज्य

हरियाणा में भीषण गर्मी पर सरकार सतर्क, स्कूलों की छुट्टियों को लेकर आज बड़ा फैसला संभव

हरियाणा में बढ़ते तापमान के कारण सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के लिए ग्रीष्मकालीन छुट्टियां जल्दी घोषित करने पर विचार किया है।