सनातन धर्म में पूजा के बाद प्रसाद बांटने की परंपरा बहुत महत्वपूर्ण है। प्रसाद केवल खाने की कोई वस्तु नहीं, बल्कि ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद का प्रतीक है। श्रद्धा और सम्मान के साथ प्रसाद ग्रहण करने से सकारात्मक ऊर्जा, खुशी, समृद्धि और मानसिक शांति प्राप्त होती है। लेकिन अक्सर अनजाने में हम कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जो धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं मानी जातीं। आइए जानते हैं प्रसाद बांटने के सही नियम..

प्रसाद बांटने से पहले धोएं हाथ
प्रसाद को ईश्वरीय भेंट माना जाता है। इसलिए इसे बांटने वाले व्यक्ति के हाथ पूरी तरह स्वच्छ होने चाहिए। पूजा-पाठ के बाद पहले अच्छे से हाथ धो लें, फिर श्रद्धा और पवित्रता के साथ प्रसाद वितरित करें। गंदे हाथों से प्रसाद बांटना अनुचित है।
जल्दबाजी में न बांटे प्रसाद
प्रसाद बांटना एक पवित्र कार्य है। इसे शांत मन, प्रेम और सकारात्मक भावना से करना चाहिए। जल्दबाजी, नाराजगी या गुस्से में प्रसाद बांटने से उसकी पवित्रता प्रभावित होती है। हमेशा उदारता और प्रसन्नता के साथ प्रसाद दें।

जमीन पर न रखें
प्रसाद वाले बर्तन या थाली को सीधे जमीन पर रखना धार्मिक रूप से उचित नहीं माना जाता। इसे हमेशा साफ चौकी, लकड़ी के आसन, मेज या किसी ऊंची साफ जगह पर रखें।
सभी को समान रूप में बांटे प्रसाद
प्रसाद बांटते समय किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। परिवार के सदस्य, मेहमान, पड़ोसी या कोई भी व्यक्ति — सभी को समान सम्मान और मात्रा में प्रसाद देना चाहिए। इससे समानता और भाईचारे का संदेश मिलता है।
कभी न होने दें प्रसाद का अनादर
प्रसाद को अलग रखना, फेंकना या बेकार जाने देना गलत है। जितना खा सकते हैं उतना ही लें। बचा हुआ प्रसाद श्रद्धा के साथ दूसरों को बांट दें या किसी पवित्र जगह पर रखें।
प्रसाद लेने का सही तरीका
- प्रसाद दोनों हाथों से या दाहिने हाथ से ही ग्रहण करें।
- मन में ईश्वर के प्रति कृतज्ञता का भाव रखें।
- यदि प्रसाद ज्यादा हो तो फेंके नहीं बल्कि परिवार और आस-पास के लोगों में बांट दें।