ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार तड़के एक बैटरी कारोबारी का शव उसके गोदाम के ऑफिस में मिलने से सनसनी फैल गई। कारोबारी के सिर में गोली लगी हुई थी, जबकि शव के पास से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रातभर घर नहीं लौटे, परिजनों ने शुरू की तलाश
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय शिवम गुप्ता मंगलवार को रोजाना की तरह घर से अपने काम के लिए निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।इसके बाद परिवार के सदस्य उनकी तलाश में निकल पड़े।
गोदाम के ऑफिस में मिला शव
मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे परिजन बहोड़ापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर-6 में बने गोदाम पहुंचे। जब उन्होंने ऑफिस का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।शिवम गुप्ता खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे। उनके सिर में गोली लगी हुई थी और मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
मौके से अवैध पिस्टल और मोबाइल जब्त
घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।मौके से एक 32 बोर की अवैध पिस्टल तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में
शिवम गुप्ता बैटरी व्यवसाय से जुड़े थे और परिवार के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार वे सामान्य रूप से काम पर गए थे और उन्होंने किसी तरह की परेशानी या तनाव की जानकारी परिवार को नहीं दी थी।अचानक हुई इस घटना से परिवार और परिचित गहरे सदमे में हैं।
कॉल डिटेल और मोबाइल डेटा की जांच
पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, आखिरी बातचीत और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि घटना से पहले शिवम किन लोगों के संपर्क में थे और उनकी मानसिक स्थिति कैसी थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अवैध हथियार की बरामदगी और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए हर कोण से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।