लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की आज 301वीं जयंती मनाई जा रही है। इसको लेकर बिड़ला सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया।
राष्ट्र को दिशा देने का काम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा माता अहिल्याबाई होलकर ने राष्ट्र को दिशा देने का काम किया। माता अहिल्याबाई होलकर न्याय की मूर्ति थी, जिन्होंने पुष्कर तीर्थ घाट का निर्माण कराया। आज हर तीर्थ स्थल पर बघेल समाज की धर्मशाला हैं। CM ने कहा हमारे सनातन,हमारी संस्कृति का उदय हो रहा। राज्य सरकार तीर्थ स्थलों के विकास के लिए काम कर रही।

जीवन में सकारात्मक परिवर्तन
CM ने कहा सेवा, सुशासन, न्याय और लोककल्याण की प्रतिमूर्ति लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन आज भी हमारा प्रेरणापुंज है। उनके लोकहितकारी मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए हमारी सरकार ऐसे राजस्थान के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, महिलाओं को समान अवसर मिलें और सुशासन जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा राष्ट्र निर्माण और सनातन संस्कृति के संरक्षण में बघेल समाज का योगदान अतुलनीय है। माता अहिल्याबाई होल्कर के स्वप्न को साकार करते हुए समाज द्वारा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई गई धर्मशालाएं उनकी सेवा भावना का प्रतीक हैं। हमारी सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख आस्था केंद्रों मेंहदीपुर बालाजी, खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी जी, पुष्कर राज, तनोट माता, करणी माता, श्रीनाथ जी के समग्र विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।