नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में पंजाब की राजनीति, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और हरियाणा भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पंजाब चुनाव रहा चर्चा का प्रमुख विषय
बैठक का एक दृश्य
सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान पंजाब में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष मंथन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री को पंजाब में अब तक किए गए अपने दौरों और राजनीतिक गतिविधियों का फीडबैक दिया। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ हुई मुलाकातों और राज्य के मौजूदा राजनीतिक माहौल की जानकारी भी साझा की।
बताया गया कि मुख्यमंत्री ने पंजाब के किसानों और आम लोगों के सामने मौजूद चुनौतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लाभ पंजाब के नागरिकों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है, क्योंकि राज्य में कई केंद्रीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। वहीं, हरियाणा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति पंजाब के लोगों में सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है।
चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर मंथन
बैठक में नायब सैनी ने पंजाब के लिए तैयार की जा रही भाजपा की चुनावी रणनीति को लेकर भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि आने वाले समय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पंजाब दौरे बढ़ाए जाएंगे ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
हरियाणा सीएम सैनी (बाएँ) और गृह मंत्री अमित शाह (दाएं)
मुख्यमंत्री पिछले कुछ समय से पंजाब में लगातार सक्रिय हैं। वह नियमित रूप से जनसभाओं, सामाजिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उनके राजपुरा दौरे का कार्यक्रम भी निर्धारित है। इससे पहले वह इसी सप्ताह धुरी में आयोजित एक जनसभा में शामिल हुए थे।
हरियाणा के विजन-2047 पर भी हुई चर्चा
पंजाब के अलावा बैठक में हरियाणा सरकार के विजन-2047 के प्रारूप पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को राज्य सरकार द्वारा चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न बोर्डों और निगमों में की गई नियुक्तियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य में प्रस्तावित चेयरमैनों के नामों को लेकर भी चर्चा की गई।