बिहार में लगातार बुलडोजर ऐक्शन जारी है। CM सम्राट चौधरी के आदेश पर पूरे बिहार के अलग-अलग जिलों में सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया जा रहा है। इस बीच सम्राट सरकार में मंत्री श्वेता गुप्ता के घर की चारदीवारी पर भी बुलडोजर चलाया गया।
CM का सख्त आदेश
मामला सीतामढ़ी का है। बुलडोजर की आवाज से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के चेहरे पीले पड़ गए। CM का आदेश कितना सख्त है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सीतामढ़ी में समाज कल्याण मंत्री का भी घर नहीं बचा। सीतामढ़ी में रिंग बांध है। बांध के किनारे बहुत सारे लोगों का घर है। इनमें से एक समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता का भी है। मंत्री के पति डॉ. वरुण कुमार का अस्पताल भी इसी बिल्डिंग में चलाया जाता है। बांध के किनारे जैसे अन्य लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है उसी तरह मंत्री ने भी चारदीवारी का निर्माण कराया। इसी दीवार को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। सालों से यह था जो अब ध्वस्त हो गया है।
रिंग बांध का निर्माण
दरअसल, शहर में रिंग बांध का निर्माण हो रहा है। इस बांध के किनारे सैकड़ों लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। बांध का कुछ हिस्सा रीगा अंचल और कुछ हिस्सा डुमरा अंचल में पड़ता है। डुमरा की CO अतिक्रमण से बांध को पूरी तरह मुक्त कराने में अब तक विफल रही हैं। कारण है कि कुछ दबंग लोगों ने इस पर कब्जा किया है। इधर, रविवार को रीगा CO ने साहस का परिचय देकर न सिर्फ आम लोगों से बल्कि मंत्री श्वेता गुप्ता से भी सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त करा लिया।