मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 जून को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन रद्द होने के मामले में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हार के भय से अपने प्रत्याशी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को जानबूझकर और सुनियोजित तरीके से छिपाने का प्रयास किया, लेकिन अब सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस सीट पर कांग्रेस के कई नेताओं की नजर थी और वे दावेदारी कर रहे थे। जब उन्हें टिकट नहीं मिला, तो पार्टी के भीतर की नाराजगी सामने आई और उन्हीं लोगों ने संबंधित तथ्यों एवं कारनामों को सार्वजनिक कर दिया। इससे कांग्रेस की आंतरिक स्थिति और उसकी कार्यप्रणाली भी उजागर हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेसी कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे। उन्होंने सालों तक समाज को एक बांटने और एक दूसरे से लड़ाने का काम किया। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, गरीबी तो नहीं हटी लेकिन कांग्रेस जरूर हट गई।
कांग्रेस की नजर केवल सत्ता पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के बाद सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम किया। आज अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। देश-दुनिया से श्रद्धालु मंदिर में प्रभु श्रीराम और हनुमान जी का आशीर्वाद ले रहे हैं। प्रभु श्रीराम की विशेष कृपा मध्यप्रदेश पर भी है। इसीलिए हम जो कहते हैं वो करके भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि राम राज्य में कोई भूखा नहीं सोता था, बेटियों की रक्षा होती थी। गौमाता के पूजन के साथ-साथ सनातन संस्कृति के मंदिरों का वैभव अलग ही नजर आता था।
देश सेवा को समर्पित पीएम मोदी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबके लिए नरम और अपने लिए कठोर रहते हैं। बेहद सादगीपूर्ण जीवनशैली के साथ देश सेवा में समर्पित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 25 करोड़ लोगों को मकान दिलवाए और आज देश में 80 करोड़ नागरिकों को नि:शुल्क अनाज बांटा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सम्मानपूर्वक अपना जीवन यापन कर रहे हैं। हम सभी के लिए गर्व की बात है कि देश के भीतर जनसेवा और सीमा पर सामरिक सुरक्षा मोदी जी के नेतृत्व में सशक्त हुई है।
उच्च सदन में बढ़ रही एनडीए सदस्यों की संख्या
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्यसभा के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से एनडीए के सदस्यों की संख्या उच्च सदन में बढ़ रही है। हमारी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है। हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ काम करते हैं।